रविवार का सदुपयोग – अंश-सत्तरवाँ


रविवार का सदुपयोग 
 
साप्ताहिक सूक्ष्म ब्लॉग | संवाद से परिवर्तन का प्रयास
 
अंश-सत्तरवाँ
 
आशाओं, आकांक्षाओं और उम्मीदों से परिपूर्ण 2024 का हृदय से स्वागत है..!
 
यूं तो भारतीय संस्कृति के अनुसार हमारा हिंदू नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाता हैं, लेकिन अंग्रेजी कलैंडर के अनुसार 1 जनवरी को कैलेंडर बदलने के साथ नए साल का आगाज होता है। मैं परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आने वाला 2024 में आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां और समृद्धि लाए, आपकी समस्त मनोकामनाएं पूर्ण हो तथा हमारा देश निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ते हुए विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करे।
 
2024 का ये अंग्रेजी नववर्ष हम सबके लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण होने वाला है। साल की शुरुआत में ही हमें 2024 की पहली दीपावली मनाने का अवसर मिलेगा। 22 जनवरी 2024 को जब अयोध्या जी में जन-जन के आराध्य मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री रामचंद्र जी अपने गर्भ गृह में विराजमान होंगे, तो पूरे देश में दीपावली के जैसा वातावरण होगा। हर भारतीय आतुरता से उस युगांतरकारी क्षण की प्रतीक्षा कर रहा है। हम सभी बहुत ही सौभाग्यशाली हैं कि हमें इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी होने का सुअवसर मिलेगा। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी के प्रयासों तथा करोड़ों रामभक्तों की के बलिदान व समर्पण से आज श्री राम लला का भव्य मंदिर बनकर तैयार हुआ है। यह राम मंदिर आने वाले पीढ़ियों को प्रभु श्री रामचंद्र जी के महान आदर्शों तथा रामभक्तों के संयम, संघर्षों व बलिदान से परिचय कराएगी।
 
श्री राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद आने वाले अप्रैल और मई के महीने में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसमें हमें एक बार पुनः देश की सरकार को चुनने का अवसर मिलेगा। जनता मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल का मूल्यांकन कर अपना बहुमूल्य मत देगी। कुछ दिन पहले हमने राजस्थान में ऐतिहासिक बदलाव करते हुए प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार को लाने में अपनी महत्ती भूमिका निभाई थी। अब 2024 में देश के लिए पुनः एक सशक्त और जनकल्याणकारी सरकार को चुनने का अवसर है।
 
लोकसभा चुनाव में हमारे सामने एक बार फिर देश के लिए एक अच्छी सरकार चुनने की चुनौती होगी। एक तरफ पिछले करीब 10 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का ऐतिहासिक कार्यकाल होगा, जिसमें भारत एक सशक्त राष्ट्र बनकर उभरा है। वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसी पार्टियों का अवसरवादी गठबंधन है, जिसका ना तो कोई नेता है ना ही कोई स्पष्ट विचारधारा। इन सभी पार्टियों का एकमात्र उद्देश्य केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को हराना है। अब किसे सत्ता की चाभी सौंपनी है, इसका निर्णय देश की जनता करेगी।
 
विगत 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कार्यालय में देश ने एक के बाद एक कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज पूरा विश्व भारत के सामने आशा भरी निगाहों से देख रहा है। इन 10 वर्षों में देश निरंतर रक्षा, चिकित्सा, इंफ्रास्ट्रक्चर आदि क्षेत्रों में तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। कुछ वर्ष पहले हमने कोविड महामारी के उस संकटकाल को देखा है और उसी संकटकाल में विश्व को कई देशों को मुफ्त कोविड वैक्सीन देने वाले संकटमोचक भारत को देखा। कोरोनाकाल के दौरान प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जिस निष्ठा व प्रतिबद्धता के साथ काम किया, वह पूरे विश्व में एक नया उदाहरण बना। आज भी जहां कई देश कोविड महामारी के बाद आर्थिक संकट से उबर नहीं पाए हैं, वहीं दूसरी तरफ भारतीय अर्थव्यवस्था निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। इन सबके बीच हमारा भारत सीमा पर भी लगातार मजबूत हुआ है। पड़ोसी दुश्मन देश को अब उसी की भाषा में जवाब दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की नीतियों से हमारे वीर सैनिकों के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। आज दुश्मन देश हमारी तरफ आंख उठाने से पहले 100 बार सोचता है क्योंकि उन्हें भी इस बात का अंदाजा है कि ये नया भारत है, जो देश की सीमा में ही नहीं बल्कि सीमा के अंदर घुसकर अपने दुश्मनों को मार गिराने में पूरी तरह सक्षम है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने चांद पर भी तिरंगा फहराने में सफलता हासिल की है। इन 10 वर्षों में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर में आमूल चूल परिवर्तन हुए हैं। रेल तंत्र की दशा और दिशा पूरी तरह से बदल चुकी है। आज बुलेट ट्रेन और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हर भारतीय को गौरवान्वित करने का अवसर देती है। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए पीएम किसान सम्मान निधि जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे आज अन्नदाता खुशहाली व समृद्धि की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। महिलाओं और युवाओं को सशक्त करने के लिए भी केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का न केवल सपना देखा है बल्कि पूरी संकल्पबद्धता के साथ इस दिशा में तेजी से अपने कदम बढ़ाए हैं। आज जिस रफ्तार के साथ हमारा देश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है, वह हमारे वोट की ताकत से ही संभव हुआ है।
 
लोकसभा चुनाव एक ऐसा समय है, जब आपका हर एक वोट देश के भविष्य की दिशा और दशा तय करेगा। मुझे पूर्ण विश्वास है कि जिस तरह से राजस्थान के विधानसभा चुनाव में जनता ने अपने विवेक का उपयोग करते हुए भारतीय जनता पार्टी को अपार समर्थन देकर डबल इंजन की सरकार बनाई है, उसी तरह लोकसभा चुनाव में देश की जनता एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एक सशक्त सरकार को बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
 
श्रीमद्भगवद्गीता में कहा गया कि “अंतः अस्ति प्रारंभः” अर्थात् अंत से एक नई शुरुआत होती है। आईए इसी भावना के साथ साल 2023 को विदा करते हुए 2024 का स्वागत करते हैं..!
 
हृदय की कलम से।
 
आपका 
 
– धनंजय सिंह खींवसर