रविवार का सदुपयोग – अंश - सड़सठवां

 
रविवार का सदुपयोग 
 
साप्ताहिक सूक्ष्म ब्लॉग | संवाद से परिवर्तन का प्रयास 
 
अंश – सड़सठवां
 
राजस्थान में विकास के नए अध्याय की शुरुआत
 
शौर्य, वीर और पराक्रम की धरती राजस्थान की देवतुल्य जनता के अपार जनसमर्थन व आशीर्वाद से प्रदेश में इस बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। अब यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राजस्थान के विकास का एक नया अध्याय शुरू होगा। केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास की गति को न केवल नई दिशा देगी बल्कि प्रदेश की खुशहाली और आम लोगों के जीवन स्तर के सुधार हेतु भी बेहतर प्रयास होंगे।
 
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी की गारंटी पर अटूट विश्वास जताया। भाजपा को मिला ये पूर्ण बहुमत दर्शाता है कि हमारे प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के प्रति देशवासियों का भरोसा आज भी कायम है। पिछले 5 वर्षों से पूर्ववर्ती सरकार के कुशासन और भ्रष्टाचार की नीतियों से त्रस्त जनता ने भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश में सेवा का अवसर प्रदान किया है।
 
गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश जैसे कई राज्य हैं, जहां की जनता ने भाजपा की नीतियों पर लगातार विश्वास जताया और पिछले कई वर्षों से वहां भारतीय जनता पार्टी की सरकार स्थापित है। इन प्रदेशों में आज न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है बल्कि रोजगार के नए साधन भी विकसित हुए हैं। सुदृढ़ कानून व्यवस्था से विकास का एक बेहतर वातावरण बना है। इन राज्यों की सरकार लोक कल्याणकारी कार्यों के माध्यम से आमजन के दिलों में अपना स्थान बना चुकी है। राजस्थान प्रदेश का इतिहास रहा है कि यहां प्रत्येक 5 वर्ष बाद जनता सत्ता को बदल देती है, लेकिन इस बार जिस तरह से पूरे उमंग और उत्साह के साथ जनता ने भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण जनादेश दिया है, उससे मुझे लगता है कि आने वाले कई वर्षों तक यहां भारतीय जनता पार्टी जनता के आशीर्वाद से प्रदेश की सेवा करती रहेगी।
 
केंद्र सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की है। यह यात्रा महज एक राजनीतिक यात्रा नहीं बल्कि जन-जन की समृद्धि व खुशहाली की यात्रा है। विगत कुछ वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा ऐसे कई जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई है, जो गरीबों, जरूरतमंदों और समाज के सबसे अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए काफी महत्वपूर्ण है। देश के करोड़ों लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिला है, लेकिन हमारे राजस्थान में प्रशासनिक उदासीनता व राजनीतिक द्वेषता के चलते प्रदेश की जनता अब तक इन योजनाओं से लाभान्वित नहीं हो सकी थी। लेकिन अब जब सरकार बदल चुकी है, तो इस “विकसित भारत संकल्प यात्रा” के माध्यम से प्रत्येक गांव और ढाणी में केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्रीमान नरेंद्र मोदी जी ने अपने सभी सांसदों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से इस यात्रा में सहभागिता निभाने का आह्वान किया है। प्रत्येक गांव-ढाणी तक इस यात्रा को पहुंचाएं और हर जरूरतमंद को इन योजनाओं के लाभ दें तभी “विकसित भारत संकल्प यात्रा” सार्थकता सिद्ध होगी।
 
अब हम सभी उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब प्रदेश में एक मजबूत जनसेवक के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी। सरकार गठन के साथ ही प्रदेश में विकास की एक यात्रा शुरू होगी, जो आने वाली कई वर्षों तक प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और राजनीतिक सुचिता के लिए जानी जाएगी।
 
मैं एक बार पुनः राजस्थान की देवतुल्य जनता का भारतीय जनता पार्टी के प्रति विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त करता हूं। आप सबका साथ राजस्थान के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा।
 
कठोपनिषद् के इस श्लोक के साथ आज के ब्लॉग का समापन कर रहा हूं :-
 
“उत्तिष्ठत जाग्रत प्राप्य वरान्निबोधत।
क्षुरस्य धारा निशिता दुरत्यया दुर्गं पथस्तत्कवयो वदन्ति॥”
 
– अर्थात् हे मनुष्य उठो, जागो, ज्ञानी मनुष्य के पास जाकर ज्ञान प्राप्त करो। तुम्हारे रास्ते कठिन हैं और वे अत्यन्त दुर्गम भी हो सकते हैं, लेकिन विद्वानों का कहना है कि कठिन रास्तों पर चलकर ही सफलता प्राप्त होती है।
 
1) क्या आप मानते है डबल इंजन की सरकार और कड़ी से कड़ी जुड़ने से विकास को गति मिलती हैं।
 
2) क्या आप मानते है विकसित भारत की यात्रा में राजस्थान भी एक अहम भूमिका निभाएगा।
 
हृदय की कलम से ! 
 
आपका 
 
– धनंजय सिंह खींवसर