रविवार का सदुपयोग – अंश : 214वाँ

 
रविवार का सदुपयोग
 
साप्ताहिक सूक्ष्म ब्लॉग | संवाद से परिवर्तन का प्रयास
 
अंश : 214वाँ
 
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ: फर्जी नैरेटिव के खिलाफ भाजपा का राष्ट्रव्यापी जन-जागरण अभियान
 
भारतीय लोकतंत्र विश्व का सबसे बड़ा, परिपक्व और जीवंत जनतंत्र है जिसकी सुदृढ़ नींव हमारे संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिकों के मताधिकार की पवित्रता पर टिकी है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत न केवल विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के प्रति भी अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है। 
 
जब देश की जनता पूर्ण विश्वास और निष्पक्ष भाव से मताधिकार का प्रयोग कर जनहित की सरकार चुनती है तो उस जनादेश का सम्मान करना हर राजनीतिक दल का परम दायित्व होता है। दुर्भाग्यवश, जब भी विपक्ष चुनावी समर में जनता का विश्वास जीतने में विफल रहता है, तो वह आत्ममंथन करने के स्थान पर संवैधानिक संस्थाओं, चुनाव प्रक्रिया और निष्पक्ष प्रशासनिक व्यवस्था की साख पर प्रश्नचिह्न लगाना शुरू कर देता है। 
 
पहले रक्षा बलों के शौर्य पर संशय व्यक्त किया गया फिर संसद की कार्यवाही में निरंतर अवरोध पैदा किए गए, मीडिया को एकतरफा लांछित किया गया और यहाँ तक कि न्यायपालिका तथा ईवीएम की विश्वसनीयता पर भी झूठे आरोप लगाए गए। अब इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग और मतदाता सूची के शुद्धिकरण की विधिक प्रक्रिया को निशाना बनाकर जनता में भ्रम और आक्रोश भड़काने का प्रयास किया जा रहा है। इस सुनियोजित फर्जी नैरेटिव का जवाब देने और आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए ही इस व्यापक राष्ट्रव्यापी जन-जागरण अभियान का सूत्रपात किया गया है।
 
मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (Special Intensive Revision) कोई नई व्यवस्था नहीं है, बल्कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग का एक अनिवार्य संवैधानिक दायित्व है। स्वतंत्र भारत के चुनावी इतिहास में अब तक कुल 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की जा चुकी है। ऐतिहासिक साक्ष्य स्पष्ट करते हैं कि इनमें से 10 बार यह पुनरीक्षण कार्य पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल के दौरान ही संपन्न हुआ था जिसमें 1952-1956, 1957, 1961 , 1965, 1966 , 1983-1984, 1987-1989 , 1992-1993, 1995 और 2002-2004 के महत्वपूर्ण चरण शामिल हैं। पूर्व में जब घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाता था, तब उसे चुनावी सुधार का प्रतीक माना जाता था, किंतु आज लगभग दो दशक बाद जब फर्जी, मृत और स्थानांतरित नामों को हटाकर मतदाता सूची को पारदर्शी बनाया जा रहा है, तो राजनीतिक स्वार्थ के कारण इसे लोकतंत्र पर हमला बताकर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
 
आज समाज के बीच यह भ्रामक सूचना फैलाई जा रही है कि एक झटके में तेरह करोड़ वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से काट दिए गए हैं। वास्तविक तथ्य यह है कि लगभग 13 करोड़ रिकॉर्ड केवल प्रारंभिक संदिग्ध प्रविष्टियों के रूप में चिह्नित किए गए हैं जिनका सत्यापन किए बिना किसी का भी नाम काटा नहीं जा सकता। भारत जैसे विशाल आबादी वाले देश में प्रतिवर्ष लगभग 1 करोड़ नागरिकों की स्वाभाविक मृत्यु होती है और वर्ष 2002 -2004 के पिछले गहन पुनरीक्षण के बाद से अब तक करीब 10 से 12 करोड़ नागरिकों की मृत्यु का स्वाभाविक अनुमान है। इसके अलावा शिक्षा, रोजगार और आजीविका के अवसरों के चलते करोड़ों नागरिक अपने मूल पते से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित हो जाते हैं। इन 13 करोड़ चिह्नित मामलों के वैज्ञानिक विश्लेषण से स्पष्ट होता है कि इनमें 6.3 करोड़ नाम (48.1%) स्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर बस चुके नागरिकों के हैं, 3.0 करोड़ नाम (22.9%) वे हैं जो भौतिक सत्यापन के दौरान बार-बार अनुपस्थित पाए गए, 2.8 करोड़ नाम (21.4%) मृत नागरिकों के हैं जो पुराने रिकॉर्ड में चले आ रहे थे, और लगभग 1.0 करोड़ नाम (7.6%) दोहरी प्रविष्टियाँ यानी डुप्लीकेट मतदाता हैं। एक निष्पक्ष और पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था में क्या ऐसे मृत, अनुपस्थित और दोहरे नामों को सूची में बने रहने देना उचित हो सकता है?
 
इस पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता के कड़े सुरक्षात्मक नियम तय किए गए हैं। बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) कम से कम तीन बार घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करते हैं और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के 20 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को हर कदम की निगरानी करने और सूची की जांच करने का पूर्ण विधिक अधिकार प्राप्त है। प्रारंभिक मतदाता सूचियों और संदिग्ध प्रविष्टियों के विवरण सभी राजनीतिक दलों के साथ साझा किए जाते हैं, ताकि वे किसी भी विसंगति पर विधिवत आपत्ति दर्ज करा सकें। मृत मतदाताओं के स्पष्ट मामलों को छोड़कर किसी भी जीवित मतदाता का नाम बिना औपचारिक नोटिस दिए, बिना मौके की जांच रिपोर्ट बनाए और बिना निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) के विधिसम्मत निर्णय के नहीं हटाया जा सकता। इसके उपरांत भी यदि किसी नागरिक को आपत्ति हो तो मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील का स्पष्ट कानूनी अधिकार सुरक्षित है। स्वयं माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने एसआईआर प्रक्रिया की पूरी वैधानिकता को परखा है, वोट चोरी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है और चुनाव आयोग की इस पहल को चुनाव की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह वैध, कानूनी और अनिवार्य माना है। न्यायालय की निगरानी में हो रहे इस पारदर्शी प्रशासनिक कार्य के विरुद्ध जनता को भड़काना केवल चुनावी पराजय की झुंझलाहट को दर्शाता है।
 
विपक्ष द्वारा यह भ्रम भी फैलाया जा रहा है कि युवा पीढ़ी को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार केवल जून 2025 से अब तक 18 से 28 वर्ष के लगभग 2.37 करोड़ नए युवा मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जा चुके हैं। नए मतदाताओं के लिए फॉर्म 6 पूरे वर्ष उपलब्ध रहता है और युवाओं की सुविधा हेतु पात्रता की चार तिथियां तय हैं। फॉर्म 6 में किसी प्रकार का अवरोध पैदा नहीं किया गया, बल्कि इसमें केवल एक सरल घोषणा पत्र जोड़कर प्रक्रिया को आसान बनाया गया है ताकि मतदाताओं को बार-बार ओटीपी सत्यापन के तकनीकी झंझटों से न गुजरना पड़े जिसे 27 मई 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने भी विधिसम्मत ठहराया है। इसी प्रकार आम जनता, विशेषकर गरीब और वंचित वर्ग को यह कहकर डराया जा रहा है कि सूची से नाम हटने पर राशन, पेंशन या पासपोर्ट जैसी सुविधाएं बंद हो जाएंगी। भारतीय कानून में ऐसा कोई नियम नहीं है जो मतदाता सूची को इन जनहितकारी योजनाओं से इस तरह जोड़ता हो और विदेश मंत्रालय ने भी स्पष्ट कर दिया है कि एसआईआर आंकड़ों का पासपोर्ट निर्माण से कोई संबंध नहीं है। इसके अलावा मतदाता सूची बनाने का अधिकार राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के पास पहले की तरह ही विकेंद्रीकृत है, इसलिए डेटाबेस के केंद्रीकरण का आरोप भी पूरी तरह निराधार है।
 
सच्चाई यह है कि जनादेश खो चुकी राजनीतिक शक्तियाँ जनता का समर्थन न मिलने पर अब लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की राह पर चल पड़ी हैं। वर्ष 2014 से 2025 के बीच कांग्रेस को देश के 56 राज्य विधानसभा चुनावों में पराजय का सामना करना पड़ा है और यह राजनीतिक गिरावट एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से कई दशक पहले से जारी है। तमिलनाडु में 59 वर्ष, पश्चिम बंगाल में 48 वर्ष, उत्तर प्रदेश में 36 वर्ष, बिहार में 33 वर्ष और गुजरात में 31 वर्षों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। जब केरल जैसे राज्यों में वे चुनाव जीतते हैं, तो चुनावी प्रक्रिया को सही मान लेते हैं, किंतु जहाँ भी उन्हें जनता द्वारा नकारा जाता है, वहां वे बिना किसी ठोस प्रमाण के पूरी चुनाव प्रणाली और मतदाता सूची पर ही आक्षेप लगाने लगते हैं।
 
यह विरोध अब केवल राजनीतिक बयानों तक सीमित न रहकर प्रशासनिक तंत्र और सुरक्षा बलों पर हिंसक दबाव बनाने के खतरनाक रूप में सामने आया है। विदेशी फंडिंग से संचालित कुछ गैर-सरकारी संगठनों और निहित स्वार्थ वाले तत्वों के इशारे पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुछ वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा पड़ोसी देशों में हुए हिंसक सत्ता परिवर्तनों को भारत के लिए मॉडल बताने जैसी बातें खुलेआम कही जा रही हैं और देश के बाहर बैठकर सुरक्षा बलों को भड़काने की कुचेष्टाएं की जा रही हैं। इस अराजकता का सीधा नुकसान जमीन पर निष्पक्षता से काम करने वाले सरकारी कर्मचारियों को उठाना पड़ रहा है। 20 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में शांति व्यवस्था संभाल रहे 118 पुलिसकर्मियों को हिंसक प्रदर्शन के दौरान घायल कर दिया गया। मतदाता सत्यापन में जुटी महिला बीएलओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी की गई, आवश्यक सरकारी दस्तावेज फाड़े गए और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पैतृक आवास तक को निशाना बनाया गया। महिला पुलिसकर्मियों और कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों के साथ अभद्रता की घटनाएं इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं कि यह लड़ाई किसी लोकतांत्रिक अधिकार की नहीं, बल्कि राजनीतिक हताशा में भीड़तंत्र को बढ़ावा देने की है।
 
इस पूरे सुनियोजित षड्यंत्र, फर्जी नैरेटिव और भ्रम की राजनीति को परास्त करने के लिए भाजपा ने संगठन स्तर पर एक सुव्यवस्थित और व्यापक जन-जागरण का ढांचा तैयार किया है। इसके तहत समाज के हर वर्ग तक सीधे पहुँचने के लिए विभिन्न रचनात्मक और संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक नियमित प्रेस सम्मेलनों के माध्यम से तथ्यों, आंकड़ों और कानूनी प्रावधानों को जनता के समक्ष रखा जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ पदयात्राएं निकाली जा रही हैं, ताकि सीधे जनता के बीच जाकर उनके सवालों का समाधान किया जा सके और उन्हें सच से अवगत कराया जा सके। प्रबुद्ध जन सम्मेलनों के जरिए अधिवक्ताओं, डॉक्टरों, शिक्षकों और विचारकों के साथ गंभीर संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि समाज का नेतृत्व करने वाला वर्ग इस नैरेटिव के पीछे के षड्यंत्र को समझ सके।
 
युवाओं को देश के लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ने और उन्हें किसी भी बहकावे से बचाने के लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र युवा संवाद’ और छात्र प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। डिजिटल युग में सोशल मीडिया पर फैलने वाले भ्रामक प्रचार का मुकाबला करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ के कारण मतदाता सूची में होने वाले फर्जीवाड़े को रोकने के लिए ‘घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ विषय पर व्यापक स्तर पर इन्फ्लुएंसर्स आउटरीच कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, प्रामाणिक तथ्यों, न्यायालय के आदेशों और निर्वाचन आयोग की नियमावली पर आधारित विशेषांक पत्रिकाओं का वितरण किया जा रहा है, ताकि आम नागरिक के पास हर झूठ का तथ्यात्मक उत्तर उपलब्ध हो सके।
 
यह समय देश के प्रत्येक नागरिक के लिए सजग, सचेत और जागरूक रहने का है। लोकतंत्र की ताकत संस्थाओं के सम्मान और चुनावी प्रक्रियाओं की शुचिता में निहित होती है, न कि हारने के बाद संवैधानिक तंत्र को बदनाम करने में। जब भी कुछ राजनीतिक दल अपने संकीर्ण हितों के लिए देश की साख, शांति और संविधान को दांव पर लगाने का प्रयास करें, तो समाज के प्रबुद्ध नागरिकों का यह कर्तव्य बन जाता है कि वे सत्य की आवाज बनकर खड़े हों। आइए, हम सब मिलकर इस फर्जी नैरेटिव को पूरी तरह नकारें, अराजकता और भीड़तंत्र की मानसिकता को पराजित करें और भारत के लोकतंत्र को और अधिक मजबूत तथा पारदर्शी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
 
– क्या आप मानते हैं कि चुनावों में लगातार पराजय के बाद विदेशी ताकतों और अराजक तत्वों के माध्यम से संवैधानिक संस्थाओं की साख गिराकर देश में अस्थिरता पैदा करना लोकतंत्र के लिए एक गंभीर संकट है?
 
– क्या आप मानते हैं कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची से मृत, अनुपस्थित और अवैध घुसपैठियों के फर्जी नामों को हटाकर सूची का पूर्ण शुद्धिकरण करना हर जागरूक नागरिक का राष्ट्रीय कर्तव्य है?
 
हृदय की कलम से
 
आपका 
धनंजय सिंह खींवसर