
रविवार का सदुपयोग
साप्ताहिक सूक्ष्म ब्लॉग | संवाद से परिवर्तन का प्रयास
अंश : 158 वाँ
हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक यात्रा पर अग्रसर है। “आत्मनिर्भर भारत” केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प, श्रम और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसी राष्ट्रीय भावना को जन-जन तक पहुँचाने के लिए “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” अभियान एक प्रेरणादायी जनआंदोलन के रूप में सामने आया है।
यह अभियान हमें स्मरण कराता है कि आत्मनिर्भरता का अर्थ केवल आर्थिक मजबूती नहीं, बल्कि मानसिक और सांस्कृतिक स्वतंत्रता भी है। जब प्रत्येक भारतीय अपने जीवन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाता है, तो वह न केवल देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाता है, बल्कि देश की आत्मा को भी सशक्त करता है। प्रधानमंत्री जी का यह विचार कि “भारत तब तक आत्मनिर्भर नहीं हो सकता, जब तक उसका प्रत्येक नागरिक स्वदेशी भावना से जुड़ा न हो,” इस अभियान की आत्मा है।
भारत की सभ्यता ने हमें हमेशा सिखाया है कि आत्मनिर्भरता ही सच्ची स्वतंत्रता है। हमारे गाँव, किसान, कारीगर और लघु उद्योग सदियों से इस आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ रहे हैं। परंतु विदेशी वस्तुओं की अंधी दौड़ में हमने कहीं न कहीं अपने ही उत्पादों, अपने ही कौशल और अपने ही श्रम के महत्व को भुला दिया था। अब समय आ गया है कि हम फिर से अपने मूल से जुड़ें, अपनी परंपरा और प्रतिभा पर गर्व करें, और हर घर को स्वदेशी का केंद्र बनाएं।
स्वदेशी केवल ‘मेड इन इंडिया’ का नाम नहीं, बल्कि यह आत्मगौरव, आत्मविश्वास और आत्मसम्मान की पहचान है। जब हम भारतीय उत्पाद खरीदते हैं, तो वह पैसा हमारे ही देशवासियों तक लौटता है- किसानों, मजदूरों, बुनकरों और छोटे व्यापारियों तक। यही वह श्रृंखला है जो भारत की आर्थिक आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाती है।
“हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” अभियान का उद्देश्य है कि प्रत्येक परिवार अपने दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करे, और आयातित वस्तुओं की जगह देशी विकल्पों को अपनाए। यह अभियान केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का भी प्रतीक है।
इसी भावना के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को निम्नलिखित शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है-
स्वदेशी संकल्प पत्र
मैं ____________________________________________,
भारत माता की सेवा और सम्मान के लिए यह संकल्प लेता/लेती हूँ कि—
● अपने दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करूँगा/करूँगी और आयातित वस्तुओं की जगह देशी विकल्प अपनाऊँगा/अपनाऊँगी।
● घर, काम और समाज में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दूँगा/दूँगी और गाँव, किसान तथा कारीगरों का समर्थन कर स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा दूँगा/दूँगी।
● युवाओं और बच्चों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित कर नई पीढ़ी तक इसका महत्व पहुँचाऊँगा/पहुँचाऊँगी।
● पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भारतीय भाषाओं का प्रयोग करूँगा/करूँगी।
● पर्यावरण के प्रति सजग रहकर स्वदेशी और प्रकृति-अनुकूल उत्पादों का प्रयोग करूँगा/करूँगी और देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दूँगा/दूँगी।
दिनांक : ___________
पता : ___________________________
हस्ताक्षर : _______________________
यह शपथ केवल शब्दों का समूह नहीं है, यह भारत के पुनर्जागरण की प्रतिज्ञा है। जब हर नागरिक इस भाव को अपने जीवन का हिस्सा बना लेगा, तब वास्तव में भारत आत्मनिर्भर बन जाएगा।
आज हमारे देश के गाँवों में बने हस्तशिल्प, मिट्टी के बर्तन, खादी वस्त्र, आयुर्वेदिक उत्पाद और स्थानीय उद्योग न केवल गुणवत्ता में श्रेष्ठ हैं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी हैं। इनका उपयोग करके हम अपनी परंपरा को बचाते हैं, अपने देशवासियों को रोज़गार देते हैं और अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते हैं।
प्रधानमंत्री जी का यह सपना कि “लोकल के लिए वोकल बनो” अब हर नागरिक की आवाज़ बन चुका है। यह केवल नारे तक सीमित नहीं, बल्कि हमारे व्यवहार, हमारी खरीदारी और हमारे सोचने के ढंग में बदलाव लाने का आह्वान है।
अगर हम सब अपने घरों में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें, चाहे वह कपड़े हों, बर्तन हों, खिलौने हों या मोबाइल ऐप्स…तो यह देश की आत्मा को नई ऊर्जा देगा। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सबसे मजबूत कदम होगा।
यह अभियान हमारे युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। आज भारत का युवा केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्माता भी है। स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया -ये सभी योजनाएँ तभी सशक्त होंगी जब उनमें स्वदेशी का भाव समाहित होगा। युवा पीढ़ी अगर अपने नवाचार और उद्यम में भारतीयता का भाव जोड़ेगी, तो विश्व भारत की ओर नई दृष्टि से देखेगा।
स्वदेशी अपनाना केवल आर्थिक निर्णय नहीं, बल्कि यह भावनात्मक जुड़ाव का विषय है। जब हम देशी उत्पाद खरीदते हैं, तो उस उत्पाद के साथ किसी किसान की मेहनत, किसी बुनकर का कौशल, किसी महिला का आत्मविश्वास जुड़ा होता है। यह उस भारतीय आत्मा का उत्सव है जो कहती है- “हम अपने बल पर आगे बढ़ेंगे।”
पर्यावरण की दृष्टि से भी स्वदेशी अत्यंत महत्वपूर्ण है। हमारे पारंपरिक उद्योग प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व में कार्य करते हैं। स्थानीय संसाधनों से बने उत्पाद न केवल टिकाऊ होते हैं, बल्कि प्रदूषण भी कम करते हैं। इस प्रकार “हर घर स्वदेशी” का अर्थ है-आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय तीनों ही स्तरों पर समृद्ध भारत का निर्माण।
यह अभियान हमारे सामाजिक ताने-बाने को भी मजबूत बनाता है। जब स्थानीय उद्योगों को समर्थन मिलता है, तो गाँवों में रोज़गार बढ़ता है, पलायन घटता है, और ग्रामीण भारत सशक्त होता है। यही सशक्त ग्रामीण भारत आगे चलकर सशक्त राष्ट्र का आधार बनता है।
आज भारत दुनिया के लिए एक प्रेरणा बन रहा है। रक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक, कृषि से लेकर डिजिटल तकनीक तक… हर क्षेत्र में भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अग्रसर है। लेकिन यह राष्ट्रीय प्रयास तभी सफल होगा जब व्यक्तिगत स्तर पर हम सब इस संकल्प को अपने जीवन का हिस्सा बनाएँ।
“हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” अभियान हमें यह याद दिलाता है कि परिवर्तन सरकारें नहीं, लोग लाते हैं। अगर 140 करोड़ भारतीय एक साथ यह तय कर लें कि हम अपने घर में केवल स्वदेशी वस्तुएँ ही प्रयोग करेंगे, तो कोई शक्ति भारत को विश्वगुरु बनने से नहीं रोक सकती।
यह केवल आर्थिक आज़ादी की ओर नहीं, बल्कि आत्मिक आज़ादी की ओर भी कदम है। जब हम अपने श्रम, अपने कौशल और अपने संसाधनों पर विश्वास करते हैं, तो हम वास्तव में स्वतंत्र होते हैं।
अब समय आ गया है कि हर नागरिक, हर परिवार, हर संस्था इस संकल्प को अपनाए और भारत माता के सम्मान में एक स्वर में कहे-
“हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी!”
– क्या आप मानते हैं कि स्वदेशी अपनाने से भारत की आत्मनिर्भरता सशक्त होगी?
– क्या आप मानते हैं कि हर भारतीय के छोटे-छोटे निर्णय देश की आर्थिक स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं?
हृदय की कलम से
आपका
धनंजय सिंह खींवसर