रविवार का सदुपयोग – अंश : 150 वाँ

 
रविवार का सदुपयोग
 
साप्ताहिक सूक्ष्म ब्लॉग | संवाद से परिवर्तन का प्रयास
 
अंश : 150 वाँ 
 
KPL & LPL क्रिकेट का महाकुंभ: लोहावट के साथ साथ अब खींवसर भी भी रचेगा नया स्वर्णिम इतिहास
 
“क्रीड़ायाम् समता दृष्टा, क्रीड़ायाम् तेजसः प्रभा।
क्रीड़ायां जातया शक्तिः, ग्रामे ग्रामे दीप्यते॥”
 
(अर्थ: खेलों में समानता, तेज, शक्ति और जागरण की भावना होती है जो हर गाँव में प्रेरणा बनकर फैलती है।)
 
आज मेरी ब्लॉग का 150वाँ अंश जारी हो रहा है और आज के विशेष दिवस पर मेरे हृदय से अत्यंत नजदीक LPL और KPL पर विचार व्यक्त करने का अवसर प्राप्त हो रहा है, यह मेरे लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। जब किसी गाँव की गलियों से कोई सपना जन्म लेता है तो वह केवल एक आकांक्षा नहीं होती, वह एक आंदोलन बन जाती है। ऐसा ही एक आंदोलन था-लोहावट प्रीमियर लीग (LPL) जिसने खेल के ज़रिए ग्रामीण प्रतिभाओं को आवाज़ दी, पहचान दी और सम्मान भी। अब इसी पथ को आगे बढ़ाते हुए, LPL के साथ साथ पहली बार खींवसर प्रीमियर लीग (KPL) का आयोजन होने जा रहा है। यह सिर्फ़ दो टूर्नामेंटों की शुरुआत नहीं है, यह स्वप्न, संकल्प और सफलता का महाउत्सव है।
 
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी कभी नहीं रही, कमी रही है तो अवसरों की। देश के कोने-कोने में गाँवों के युवाओं के भीतर ऐसी खेल प्रतिभा छुपी होती है जो यदि मंच मिले तो राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी चमक सकती है। लेकिन दुर्भाग्यवश, अधिकतर ग्रामीण युवाओं के पास खेल के मैदान तो हैं पर वे मौन हैं। उनके पास बल्ला है, पर किसी टूर्नामेंट का न्योता नहीं। उनके पास सपने हैं, पर कोई दिशा नहीं। यही कारण है कि आज ग्रामीण खेल आयोजनों की महती आवश्यकता है।
 
जब पहली बार लोहावट में LPL का उद्घोष हुआ, वह केवल एक टूर्नामेंट नहीं था, वह लोहावट के आत्मविश्वास का उद्घोष था। वह मैदान केवल एक स्पर्धा का स्थान नहीं था, वह मंच था उन आंखों के लिए जो अब तक केवल दूसरों को खेलते देखती रही थीं। और जब कपल मैदान पर गेंद हवा में लहराती हुई विकेट तक पहुँची, तब उस गूंज के साथ लोहावट भी गर्व से उठ खड़ा हुआ।
 
LPL के आयोजन ने साबित किया कि सही योजना, सामूहिक सहयोग और स्थानीय नेतृत्व से गाँवों में भी भव्य आयोजन संभव हैं। खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कारों के साथ प्रोत्साहित किया गया। विजेता को शानदार बाइक प्रदान की गई, वहीं पहले को भी आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। सबसे बड़ी बात यह थी कि सिर्फ़ विजेता नहीं, हारने वालों को भी सम्मान मिला। ‘मैन ऑफ द मैच’ ट्रॉफियाँ, कैप, स्मृति चिन्ह, टीम जर्सियाँ—यह सब देखकर गाँव का हर युवा पहली बार खुद को खेल की मुख्यधारा का हिस्सा महसूस कर रहा था।
 
खेलों के ज़रिए वह अनुशासन जागा, वह आत्मबल पनपा, जिसने युवाओं को यह विश्वास दिलाया कि हम भी कर सकते हैं। टूर्नामेंट के दौरान ग्रामीण युवाओं में जो जोश था, वह केवल क्रिकेट के लिए नहीं, खुद को साबित करने के लिए था। जिन गलियों में अब तक लुका-छिपी खेली जाती थी, वहाँ अब रनिंग -बिट्वीन- द- व्हिकेट की तकनीक पर चर्चा होने लगी। बुजुर्गों की चौपाल अब मैच विश्लेषण की जगह बन गई थी और महिलाएँ मैदान में बेटों की परफॉर्मेंस पर गर्वित मुस्कान लिए बैठी थीं।
 
इस समर्पण, श्रम और संगठन की सफलता को देखते हुए, अब उसी भावना को विस्तार देने का समय आ गया है। 2025 में जब LPL दोबारा लौटी है तो वह अपने साथ नया संकल्प लेकर आई है—अब लोहावट के साथ-साथ खींवसर भी इतिहास रचेगा। पहली बार खींवसर प्रीमियर लीग (KPL) का आयोजन उसी जोश, योजना और समर्पण के साथ प्रारंभ होगा जैसे LPL में देखा गया। अब लोहावट और खींवसर…इस महाकुंभ के माध्यम से पूरे क्षेत्र की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने जा रहे हैं।
 
खींवसर की पुण्यभूमि अब केवल परंपरा, संस्कृति और सौंदर्य की प्रतीक नहीं रहेगी, वह अब खेल-प्रेम और आत्मबल का नया प्रतीक बनने जा रही है। पहली बार वहाँ का युवा भी खुद को किसी बड़े टूर्नामेंट का हिस्सा मानेगा। वहाँ भी गेंद बल्ले से टकराएगी, दर्शक तालियाँ बजायेंगे और वह दिन दूर नहीं जब किसी खिलाड़ी का नाम लोहावट और खींवसर से निकलकर राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर गूंजेगा।
 
KPL और LPL—यह सिर्फ़ दो टूर्नामेंट नहीं हैं, यह वह जमीनी क्रांति है जो खेल को गाँवों से जोड़ रही है। यह केवल एक ‘मैच सीरीज़’ नहीं बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए ‘लाइफ चेंजिंग प्लेटफॉर्म’ बनता जा रहा है। LPL की सफलता ने यह सिद्ध किया कि हमारे यहां क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अब खींवसर का जुड़ना इस यात्रा को और सशक्त करेगा।
 
यह आयोजन सिर्फ़ युवाओं को नहीं, पूरे समुदाय को साथ लाता है। गाँव का बच्चा, अधेड़, महिला, बुजुर्ग, हर कोई दर्शक नहीं, सहभागी बनता है। यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, सामूहिक उत्सव बन जाता है, जहाँ हर गेंद पर उम्मीद और हर विकेट पर सपना टिका होता है। ऐसे में आगामी शीत ऋतु में जब KPL और LPL दोनों एक साथ होंगे तो यह केवल आयोजन नहीं, एक युग का सूत्रपात होगा।
 
 
…तो तैयार हो जाइए! यह कोई आम टूर्नामेंट नहीं… यह उन सपनों का उत्सव है, जो गाँव की गलियों से निकलकर आकाश की ऊँचाइयों को छूने को व्याकुल हैं। यह वह उत्सव है जहाँ जुनून और जज्बा सिर्फ़ खिलाड़ियों में नहीं, दर्शकों में भी होता है। यह वह पर्व है जहाँ मैदान केवल मिट्टी से नहीं, संकल्पों से बना होता है।
 
जब गेंद फिर से लहराएगी, जब बल्ला गरजेगा और तालियाँ गूंजेंगी, तब गाँव के हर बच्चे को यह लगेगा कि वह केवल खेल नहीं देख रहा… वह अपने कल को देख रहा है क्योंकि यह केवल टूर्नामेंट नहीं, यह प्रतिभाओं का पर्व और सपनों का उत्सव है।
 
• क्या आप मानते हैं कि ग्रामीण युवाओं को खेलों के माध्यम से आत्मविश्वास, नेतृत्व और पहचान का सर्वोत्तम मंच मिल सकता है?
 
• क्या आप मानते हैं कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से गाँवों से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी सामने आ सकते हैं, अगर उन्हें सही अवसर मिले?
 
हृदय की कलम से
 
आपका 
धनंजय सिंह खींवसर