रविवार का सदुपयोग – अंश : 133 वाँ

 
रविवार का सदुपयोग 
 
साप्ताहिक सूक्ष्म ब्लॉग | संवाद से परिवर्तन का प्रयास
 
अंश : 133 वाँ 
 
संयमित गति सुरक्षित जिंदगी : सड़क पर सतर्कता दुर्घटना से सुरक्षा
 
सड़क पर संभलकर चलिए, कोई घर पर आपका इंतजार कर रहा है….!
 
हर रोज़ सोशल मीडिया पर या न्यूज़ में सड़क हादसों की खबरें देखने को मिलती हैं। किसी परिवार का बेटा, किसी का भाई, किसी का पिता या किसी का दोस्त तेज रफ्तार की भेंट चढ़ जाता है। हादसे होते हैं, लोग गाड़ियों की तेज़ी पर काबू नहीं रख पाते और देखते ही देखते एक पल में सबकुछ खत्म हो जाता है। यह सिर्फ आंकड़े नहीं हैं बल्कि अनगिनत परिवारों की दर्दनाक कहानियां हैं। कुछ दिन पहले जोधपुर में एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्य चल बसे। नागौर और जयपुर में भी ऐसे ही कुछ दुर्घटनाएं हुईं, जहाँ पलभर में हंसते-खेलते घरों में मातम छा गया।
 
यह चुनौती सिर्फ सरकार या प्रशासन की नहीं है, बल्कि हमारी भी उतनी ही बड़ी ज़िम्मेदारी है। सरकार अपने स्तर पर यातायात नियमों को सख्त करने का प्रयास कर रही है। जगह-जगह स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी कैमरे और जुर्माने की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। लेकिन क्या सिर्फ सरकार की कोशिशें ही काफी हैं? अगर लोग खुद ही सड़क पर नियमों का पालन करने से बचेंगे तो हादसे कम कैसे होंगे? असली बदलाव तब आएगा जब हर व्यक्ति अपनी ज़िम्मेदारी को समझेगा और नियमों का पालन करेगा।
 
गाड़ी चलाते वक्त यह याद रखना जरूरी है कि हमें कहीं न कहीं अपने परिवार के पास पहुंचना है। कोई हमारा इंतजार कर रहा है। तेज रफ्तार में हम सिर्फ अपनी नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति की जिंदगी खतरे में डालते हैं। कई बार लोग हेलमेट पहनना जरूरी नहीं समझते, सीट बेल्ट लगाने से बचते हैं, रेड लाइट जंप कर देते हैं, ओवरटेक करने की जल्दबाजी दिखाते हैं। एक छोटी-सी गलती किसी की पूरी जिंदगी बर्बाद कर सकती है।
 
किसी भी शहर में चले जाइए, सड़क पर ऐसे नज़ारे रोज़ देखने को मिलते हैं। बाइक सवार बिना हेलमेट तेज़ी से गाड़ी भगाते हुए निकल जाते हैं, कारों के शीशे चढ़े होते हैं और अंदर गाना बजता रहता है, ट्रकों और बसों की बेलगाम रफ्तार देखकर लगता है कि किसी को भी अपनी और दूसरों की जान की चिंता ही नहीं है। लेकिन जब यही लापरवाही किसी बड़े हादसे का रूप ले लेती है, तब पछताने के अलावा कुछ नहीं बचता।
 
समस्या सिर्फ इतनी नहीं है कि लोग ट्रैफिक नियमों को अनदेखा करते हैं। एक और गंभीर मुद्दा यह है कि कई बार लोग खुद को बहुत अनुभवी समझ लेते हैं। उन्हें लगता है कि वे रफ्तार को संभाल सकते हैं, वे किसी से बेहतर ड्राइवर हैं, वे किसी भी मोड़ पर गाड़ी को कंट्रोल कर सकते हैं। लेकिन हादसे कभी यह सोचकर नहीं होते कि हम कितने कुशल हैं, वे बस एक छोटी-सी चूक पर हो जाते हैं।
 
जब भी कोई बड़ा हादसा होता है, कुछ समय तक हर कोई सतर्क रहता है। हेलमेट पहनने लगते हैं, गाड़ी की स्पीड कम रखते हैं, रेड लाइट का सम्मान करते हैं। लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते हैं, पुरानी आदतें फिर से लौट आती हैं। यह लापरवाही ही सबसे खतरनाक है।
 
हर किसी को यह समझना चाहिए कि सड़क पर चलने की जिम्मेदारी सिर्फ उनकी अपनी नहीं, बल्कि सभी की होती है। अगर आप नियमों का पालन करेंगे, तो दूसरों को भी प्रेरणा मिलेगी। सड़कें हमारी सुविधा के लिए बनाई गई हैं, खतरे मोल लेने के लिए नहीं। जब आप अगली बार तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने का विचार करें तो एक बार सोचिए—क्या यह कुछ मिनटों की तेजी किसी के जीवन से ज्यादा कीमती है?
 
इसलिए जरूरी है कि हम खुद को बदलें। गाड़ी की गति को नियंत्रित रखें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। हादसों को रोका जा सकता है, अगर हम सतर्क रहें। रफ्तार पर काबू पाना हमारे ही हाथ में है। जिंदगी अनमोल है, इसे बचाना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
 
 
– क्या आप मानते हैं कि सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हमारी भी है?
 
– क्या आपने कभी किसी सड़क हादसे को होते हुए देखा है और सोचा है कि यह रोका जा सकता था?
 
जय हिंद
 
हृदय की कलम से
 
आपका 
धनंजय सिंह खींवसर