
रविवार का सदुपयोग
साप्ताहिक सूक्ष्म ब्लॉग | संवाद से परिवर्तन का प्रयास
अंश : 131 वाँ
महाकुंभ प्रयागराज-2025 : अटूट सनातन आस्था, दृढ़ अनुशासन और कुशल प्रशासन का अद्भुत संगम
महाकुंभ 2025 का आयोजन भारत के सांस्कृतिक वैभव, आस्था और प्रशासनिक दक्षता का एक भव्य उदाहरण बनकर सामने आया। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था बल्कि यह भारत की प्रशासनिक क्षमता, सांस्कृतिक एकता और समाज की सामूहिक चेतना का भी प्रतीक बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस महायज्ञ ने विश्वभर में भारत की सांस्कृतिक धरोहर की नई पहचान स्थापित की।
महाकुंभ 2025 की अभूतपूर्व सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता और उनके नेतृत्व को जाता है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस आयोजन को केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखकर इसे भारतीय संस्कृति की विराटता और भारत की एकता का महापर्व बना दिया। उन्होंने अपने विचारों को कलमबद्ध करते हुए कहा—
“महाकुंभ संपन्न हुआ…एकता का महायज्ञ संपन्न हुआ। जब एक राष्ट्र की चेतना जागृत होती है, जब वो सैकड़ों साल की गुलामी की मानसिकता के सारे बंधनों को तोड़कर नवचैतन्य के साथ हवा में सांस लेने लगता है तो ऐसा ही दृश्य उपस्थित होता है जैसा हमने 13 जनवरी के बाद से प्रयागराज में एकता के महाकुंभ में देखा।”
प्रधानमंत्री मोदी ने महाकुंभ को भारत की चेतना के जागरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं है, बल्कि यह भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक शक्ति का परिचायक है। इस महाकुंभ ने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अपनी परंपराओं को सहेजते हुए आधुनिकता की ओर भी समान गति से बढ़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि प्रयागराज का यह तीर्थ केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है बल्कि यह वह पावन भूमि है जहां भगवान श्रीराम और निषादराज का ऐतिहासिक मिलन हुआ था। उन्होंने कहा कि महाकुंभ में उमड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ ने इस बात को सिद्ध कर दिया है कि भारत की सांस्कृतिक चेतना आज भी जीवित और प्रखर है।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशासनिक दक्षता का विशेष योगदान रहा। उनकी नेतृत्व क्षमता और अनुशासनप्रियता ने इस विशाल आयोजन को व्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक बना दिया। मुख्यमंत्री योगी ने व्यक्तिगत रूप से तैयारियों की निगरानी की और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था का ध्यान रखा।
प्रयागराज को महाकुंभ के लिए एक आधुनिक नगरी में परिवर्तित कर दिया गया। नए पुलों, सड़कों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट का उन्नयन कर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाया गया। सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक तकनीकों जैसे ड्रोन सर्विलांस, फेस रिकग्निशन सिस्टम और लाखों सीसीटीवी कैमरों का प्रयोग किया गया।
इस आयोजन में सफाई व्यवस्था की भी विशेष रही। “स्वच्छ कुंभ, सुरक्षित कुंभ” अभियान के तहत पूरे आयोजन क्षेत्र में सफाईकर्मियों ने चौबीसों घंटे काम किया। संगम तट और इसके आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए हजारों सफाईकर्मी लगातार कार्यरत रहे।
महाकुंभ 2025 में लाखों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और अनुशासन का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। बिना किसी औपचारिक निमंत्रण के देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु संगम तट पर पहुंचे। हर किसी की एक ही आकांक्षा थी-संगम में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त करना।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात की विशेष सराहना की कि बड़ी संख्या में युवा इस आयोजन का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं का इस तरह से महाकुंभ में भाग लेना इस बात का प्रतीक है कि वे अपनी सांस्कृतिक विरासत को संभालने और आगे बढ़ाने के लिए कटिबद्ध हैं।
महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांगजन…हर कोई अपनी आस्था के साथ संगम पर पहुंचा। यह दृश्य भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता का सजीव प्रमाण बना। महाकुंभ में शामिल होने वाले हर व्यक्ति ने अपने मन में श्रद्धा का दीप जलाया और अपने संस्कारों की शक्ति को महसूस किया।
महाकुंभ 2025 ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व को अपनी भव्यता से चकित कर दिया। इतने विशाल आयोजन को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना एक अभूतपूर्व उपलब्धि थी।
इस महाकुंभ ने भारत की प्रशासनिक क्षमता और प्रबंधन कौशल की एक नई मिसाल पेश की। अमेरिका की जनसंख्या के लगभग दोगुने लोग इस आयोजन में पहुंचे। यह इस बात का प्रमाण है कि भारत आज न केवल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है बल्कि प्रशासनिक दक्षता में भी दुनिया के शीर्ष देशों में खड़ा है।
महाकुंभ की सफलता को प्रधानमंत्री मोदी ने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह संगम तट पर देशवासियों ने एकता का परिचय दिया, उसी भावना के साथ हमें एकजुट होकर भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है।
महाकुंभ से लौटने वाले श्रद्धालु अपने साथ केवल गंगाजल ही नहीं बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत की स्मृतियां भी लेकर गए। गांव-गांव में इन श्रद्धालुओं का सम्मान हुआ जिसने भारत की सामाजिक एकता को और भी मजबूत किया।
महाकुंभ की सफलता में स्थानीय जनता, पुलिस, प्रशासन और स्वयंसेवकों की अथक मेहनत का योगदान रहा। प्रयागराज की जनता ने अपनी दैनिक परेशानियों को पीछे छोड़कर श्रद्धालुओं की सेवा को अपना धर्म बना लिया।
सभी सफाईकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों, नाविकों, भोजन तैयार करने वालों और सभी सेवा प्रदाताओं का समर्पण सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में हर कोई केवल एक समर्पित सेवक की भूमिका में था और उनकी इसी भूमिका ने भारत की सेवा भावना को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। मैं स्वयं अपने आप को अत्यंत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे इस महाकुंभ का साक्षी बनने का गौरव प्राप्त हुआ।
-क्या आप मानते हैं कि महाकुंभ 2025 ने भारत की सांस्कृतिक विरासत और प्रशासनिक क्षमता को विश्व स्तर पर एक नई पहचान दिलाई है?
-क्या आपको लगता है कि इस महाकुंभ की सफलता से भविष्य में भारत अन्य वैश्विक आयोजनों के प्रबंधन में भी नई मिसाल कायम करेगा?
जय हिंद
हृदय की कलम से
आपका
धनंजय सिंह खींवसर